February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की चादर: नैनीताल में हुई सीजन की पहली बर्फबारी

बर्फबारी के चलते थल – मुनस्यारी मोटर मार्ग कालामुनी में बंद
देहरादून (उद संवाददाता)।मौसम का मिजाज बदलते ही पहाड़ों ने सफेद बर्फ की चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहाड़ों पर पहुंच गये। चमोली जनपद में रातभर से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही हैं। बदरीनाथ धाम सहित हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी, औली, गोरसों सहित नीती और माणा घाटियों में बर्फबारी हुई है। निजमुला घाटी के पाणा, ईराणी, झींझी गांव में भी बर्फबारी हुई, वहीं पर्यटन ग्राम रामणी में भी बर्फबारी होने से खेतों और आम रास्तों में बर्फ बिछ गई है। औली में बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव जानकी चट्टी नारायण पुरी फूलचट्टी खरशाली गांव क्षेत्र में भी बर्फबारी के बाद दिलकश नजारा सामने आया। कुमाऊं में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह से ही कुमाऊं के सभी जिलों में बारिश तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। नैनीताल में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बुधवार देर रात मौसम खराब होने व हल्की बारिश होने के बाद नैनीताल के नैनापीक क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह से ही हल्की बर्फबारी होने लगी। हांलाकि शहर से पहाड़ी की एक ओर ही पेड़ों पर हल्की बर्फ दिखाई दे रही है। लेकिन नैनापीक क्षेत्र में बर्फबारी साफ देखी जा सकती है। नैनापीक में बर्फबारी देख स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। पिथौरागढ़ जिले में बुधवार रात से ही विभिन्न हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। मुनस्यारी में भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते थल – मुनस्यारी मोटर मार्ग कालामुनी में बंद हो गया है। हल्द्वानी, थल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन वाया जौलजीबी जा रहे हैं। हल्की बूंदाबांदी जारी है। कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के पहले सप्ताह में अगर उत्तर-पश्चिम हवाओं की गतिविधि तेज रही तो ठंड का अहसास होगा, नहीं तो तापमान में कोई खास कमी देखने को नहीं मिलेगी। कुछ जिलों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं, बागेश्वर जिले में रात से बारिश हो रही है। कपकोट के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो रहा है। पिंडर घाटी के खाती, बोरबलडा, कुंवारी, चिल्ठा, कर्मी गांव की चोटियों में हल्का हिमपात हुआ है। बारिश और हिमपात से ठंड बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *