Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चाकू की नोक पर आईफोन और नगदी लूटने वाले दबोचे

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। गंगापुर रोड पर सरेशाम स्कूटी सवार से चाकू की नोक पर आईफोन और हजारों की नगदी लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल और नगदी बरामद कर ली है। बता दें ग्राम महाराजपुर किच्छा निवासी अनुराग चौरसिया पुत्र दिनेश चौरसिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 22 नवम्बर को वह शाम साढ़े सात बजे स्कूटी पर सवार होकर गंगापुर रोड से घर की ओर जा रहा था। लाहोरिया शोरूम के पास स्पलैंडर प्लस बाइक सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और गर्दन पर चाकू रखकर आईफोन 11 और जेब में रखे 12 हजार 800 रूपये छीनकर फरार हो गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण के लिए टीम गठित की। सीओ अनुषा बडोला ने खुलासा करते हुए बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गयी टीम ने लूट को अंजाम देने वाले बदमाश सुमित गंगवार पुत्र नुक्ता प्रसाद निवासी शाहपुर थाना शेरगढ़ बरेली, रवि प्रकाश पुत्र रुपेश कुमार निवासी आनंद विहार फुलसुंगा को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से लूटा गया मोबाइल, 9 हजार 200 की नगदी के अलावा लूट की वारदात में प्रयुक्त बाइक और चाकू भी बरामद किया गया। पकड़े गये दोनों बदमाश शातिर किस्म के हैं पूर्व में भी दोनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पकड़े गये रवि प्रकाश के खिलाफ ट्रांजिट कैंप में तीन, पंतनगर में दो मामले दर्ज हैं। जिनमें एक मुकदमा लूट का भी है। इसके अलावा सुमित पर दो मुकदमे दर्ज हैं। पकड़ने वाली टीम में इंस्पेक्टर विजेंद्र शाह के अलावा एसआई धीरज टम्टा, एसआई कवींद्र शर्मा,दिनेश चन्द्र, राकेश खेतवाल आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *