Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मामूली विवाद पर भतीजे की गोली मारकर हत्या, चाचा फरार

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। निकटवर्ती ग्राम रायपुर में मामूली विवाद पर चाचा ने अपने भतीजे की गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल और एसएसआई पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम में पुलिसकर्मी तैनात कर दिये गये हैं। जानकारी के अनुसार प्रातः निटवर्ती ग्राम रायपुर में 28 वर्षीय राजेन्द्र सिंह उर्फ राजा अपने चाचा के घर जाकर ट्यूब वैल की तार ठीक कर रहा था। इसी दौरान उसका अपने चाचा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जो हाथापाई तक जा पहुंचा । बताया जाता है कि राजा का चाचा घर से तमंचा ले आया और उसने आते ही राजा के सीने से तमंचा सटाकर फायर कर दिया। तमंचे से निकली गोली राजा के सीने के आर पार हो गई और वह लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। फायर का आवाज सुनकर राजा के परिजनों सहित कई लोग वहां आ पहुंचे। गंभीर रूप से घायल राजा को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाल विक्रम राठौर व एसएसआई अर्जुन गिरी गोस्वामी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर आ पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की विस्तार से जानकारी ली। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हांलाकि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है परंतु पुलिस आरोपी फरार चाचा की तलाश शुरू कर दी है। बताया जाता है कि मृतक की पांच बहनें हैं और दो भाईयों में छोटा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *