Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सिडकुल क्षेत्र में खड़े डम्पर से भिड़ी अनियंत्रित कार,युवक की मौत

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। गत रात्रि सिडकुल क्षेत्र में पारले चौक के समीप राष्ट्रीय मार्ग पर सड़क किनारे खड़े डम्पर से अनियंत्रित कार के टकरा जाने से उसमें सवार एक युवक की मौत हांे गई। जबकि चालक सकुशल बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार काशीपुर आंगा जिला रामपुर निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद याकूब पुत्र स्व. खुर्शीद हाल निवासी सुभाष कालोनी यहां आवास विकास होली चौक में लुक प्वाइंट के नाम से लेडीज व जेंट्स हेयर सेलून चलाता था। बताया जाता है कि वह अग्रसेन कालोनी निवासी मनोज डाला के साथ कार संख्या यूके 06 बीए 8284 में सवार होकर हल्द्वानी से घर वापस लौट रहा था। कार मनोज चला रहा था। जब कार रात्रि करीब 11 बजे सिडकुल क्षेत्र में पारले चौक के पास पहुंची तो सड़क किनारे खड़े डम्पर से पीछे से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में याकूब गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि मनोज सकुशल बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिकर्मी मौके पर आ पहुंचे। घायल याकूब को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचानामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक विवाहित था उसके चार बच्चे हैं। जिनमें दो पुत्रियां व दो पुत्र हैं। मृतक छह भाईयों व एक बहन में तीसरे नम्बर का था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *