Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जोशीमठ में भू-धसांव से सैकड़ों मकानों को खतरा,सीएम ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

देहरादून । जोशीमठ में भू-धंसाव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं। बीते दिवस भाजपा प्रदेेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð ने जोशीमठ में भू-धंसाव को लेकर सीएम से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था और लगातार हो रहा भू-धंसाव पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने बताया कि जोशीमठ शहर में जमीन धंसने से लोगों के घरों में दरारें आ रही हैं। उन्होंने सीएम से प्रभावित लोगों और कारोबारियों को हो रहे नुकसान की जानकारी देते हुए राहत और मदद पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए समस्या का समाधान करने के लिए विस्तृत नीति बनाने पर जोर दिया। भट्टð से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारी चमोली से वार्ता कर शीघ्र विशेषज्ञ कमेटी की विस्तृत रिपोर्ट भेजने और प्रभावितों को सभी संभव राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि विशेषज्ञ कमेटी की रिपोर्ट पर बिना देर किए उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रभावितों को जोशीमठ में ही शिफ्ट करना है या उनका पुनर्वास किया जाए इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। बता दें भू-धंसाव से मकानों के साथ कृषि भूमि भी प्रभावित हो रही है। यहां खेतों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ी हैं और यह बढ़ती जा रही हैं। कई जगहों पर तो खेतों की दरारें एक फीट तक चौड़ी हो गई हैं। जोशीमठ नगर में करीब दो हजार मकान हैं। सर्वे के अनुसार भू-धंसाव से 581 मकानों में दरारें आ चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *