Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बड़ी खबर..कंपनी के कर्मचारी से पांच लाख की लूट का खुलासा, वारदात को अंजाम देने वालों में दो स्कूली छात्र भी शामिल

साढ़े तीन लाख की नगदी बरामद
रूद्रपुर(दर्पण संवाददाता)। बीते दिनों रेलवे स्टेशन के पास कंपनी के कर्मचारी से पांच लाख से अधिक की लूट को अंजाम देने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्रतार कर घटना का खुलासा कर दिया है। जबकि एक फरार है। दिनदहाड़े हुई वारदात को पांच युवकों ने अंजाम दिया था। इनमें दो युवक शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्र हैं। पुलिस ने लूटी गयी रकम में से साढ़े तीन लाख रूपये बरामद कर लिये हैं। बता दें यूपी बार्डर पर स्थित बलवंत कालोनी निवासी रेंडिएंट कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी सचिन शर्मा बीते 23 दिसम्बर को 5 लाख 35 हजार की नगदी जमा कराने के लिए बाईक से बैंक जा रहा था। रेलवे स्टेशन रोड से रूद्रपुर की ओर आते वक्त काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचे की नोंक पर उससे नगदी भरा बैग और बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गये।दिन दहाड़े लाखों की लूट की सूचना से पुलिस में हड़कम्प मच गया था। खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया था। छानबीन में जुटी पुलिस टीमों ने कई सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद भी ली। छानबीन में पता चला कि वारदात को पांच युवकों ने अंजाम दिया था। इनमें से पुलिस ने एलायंस कालोनी निवासी चन्द्रशेखर उर्फ चंदू, डिबडिबा निवासी ऐशप्रीत कंग, हरमनप्रीत सिंह, भूरारानी निवासी रोहिल को गिरफ्रतार कर लिया।जबकि इंदिरा कालोनी निवासी अमन पाण्डे अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पकड़े गये अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने लूट के साढ़े तीन लाख रूपये बरामद कर लिये हैं। साथ ही उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट में प्रयुक्त पल्सर बाईक भी बरामद कर ली है। लूट में जिस बाईक का इस्तेमाल किया गया था वह ऐशप्रीत के चाचा के पास गिरवी रखी गयी थी।खुलासा करते हुए सीओ अमित कुमार ने बताया घटना को अंजाम देने वाले युवकों में दो युवक शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्र हैं। लूट को चन्द्रशेखर उर्फ चंदू ऐशप्रीत और अमन ने अंजाम दिया था। जबकि हरमनप्रीत और रोहित योजना बनाने में शामिल रहे थे। खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल एनएन पंत, चौकी प्रभारी रम्पुरा केजी मठपाल, एसआई महेश काण्डपाल,एसआई भगवान गिरी गोस्वामी, एसआई पंकज कुमार, एसआई प्रदीप कुमार के अलावा कांस्टेबल गणेश पाण्डे, विमल कुमार, भूपेन्द्र रावत, कृष्ण चन्द्र नेगी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *