February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस समर्थकों पर यूपी पुलिस का लाठीचार्ज.जमीन पर गिर पड़े राहुल गांधी

 

कांग्रेस का हल्लाबोलः राहुल गांधी और प्रियंका को हाथरस जाने से रोका
नई दिल्ली। हाथरस गैंगरेप मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी का हल्लाबोल जारी है। गुरुवार को दिल्ली से हाथरस के लिए रवाना हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ग्रेटर नोएडा के पास यूपी पुलिस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई, इस दौरान धक्कामुक्की में राहुल गांधी भी जमीन पर गिर पड़े। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हाथरस जाने से रोकने के बाद पुलिस उन्हें जीप में बैठाकर एक्सप्रेस वे से लेकर चली गई। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने लगे और पुलिस की जीप पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें कई लोगों को चोट भी आई है। कांग्रेस के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। बता दें कि हाथरस जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया। राहुल गांधी को धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया गया है। राहुल ने पुलिस से यह सवाल भी पूछा कि आखिर उन्हें क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है। वो तो अकेले जाना चाहते हैं ऐसे में धारा 144 का भी उल्लंघन नहीं होगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामूहिक बलात्कार की पीड़िता के परिवार से मुलाकात के लिए जाने से राज्य की पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज का यह आलम है कि शोक में डूबे एक परिवार से मिलना भी सरकार को डरा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इतना नहीं डरना चाहिए। इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि अभी पुलिस वालों ने मुझे धकेल के लाठी मारकर गिराया ठीक है, मैं कुछ नहीं कह रहा हूं, कोई प्राॅब्लम नहीं। इस हिंदुस्तान में क्या आरएसएस और बीजेपी के लोग ही चल सकते हैं? क्या आम आदमी नहीं चल सकता? क्या इस देश में नरेंद्र मोदी ही पैदल जा सकते हैं? गुरुवार दोपहर दिल्ली से कुछ दूरी पर जब दोनों नेताओं का काफिला ग्रेटर नोएडा के करीब पहुंचा, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जिसके बाद राहुल और प्रियंका पैदल ही हजारों कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस के लिए रवाना हो गए। पैदल ही हाथरस जा रहे दोनों नेताओं को यूपी पुलिस ने रोका। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और यूपी पुलिस के बीच झड़प हुई। राहुल गांधी ने कहा कि मैं हाथरस के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा हूं, ये मुझे रोक नहीं पाएंगे। बता दें कि प्रशासन ने हाथरस की सीमाओं को सील किया हुआ है और धारा 144 लगाई गई है। यूपी पुलिस की ओर से अब राहुल और प्रियंका को हिरासत में लेकर अलग जगह पर ले जाया गया है। जिस जीप में बैठाकर दोनों नेताओं को ले जाया जा रहा है, उसपर कांग्रेस कार्यकर्ता चढ़ गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यूपी पुलिस के बीच तीखी बहस हो रही है। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। हालांकि, इसके बाद पुलिस राहुल-प्रियंका को जीप में बैठाकर ले गई। इससे पहले जब पीड़िता की मौत हुई थी, तो प्रियंका ने पीड़िता के परिवार से फोन पर बात की थी। इस मामले के सामने आने के बाद प्रियंका ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगा है। प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर से यूपी सरकार पर निशाना साधा गया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी, लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती, ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वत्तफ है जनता को जवाब चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *