Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ससुरालियों ने विधवा को मारपीट कर घर से निकाला

ससुरालियों ने विधवा को मारपीट कर घर से निकाला
काशीपुर(उद संवाददाता)। पति की मौत के बाद विधवा तथा उसके दो बच्चों को बेरहम ससुरालियों ने धक्के मार कर घर से निकाल दिया। पीड़िता मासूम बच्चों को लेकर दर-दर की ठोकरें खाने को विवश है। न्याय की आस लिए अपर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंची मोहल्ला टांडा उज्जैन निवासी भागवती पत्नी स्वर्गीय बंटी ने एएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीते 26 अप्रैल को बीमारी के कारण उसके पति का देहांत हो गया। उसकी एक 9 साल की लड़की तथा 2 साल का लड़का है। विधवा का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुर,देवर नंद, नंदोई आपस में एक राय होकर उसे तथा उसके बच्चों को घर से निकालने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। हालिया घटनाक्रम के बाबत एएसपी को दिए शिकायती पत्र में पिता ने बताया कि बीते 17 मई को शाम 7 बजे वह बच्चों के लिए खाना बना रही थी इसी दौरान ससुर देवर नंद नंदोई अचानक कमरे में घुस आए और गंदी गंदी गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे तथा उसके बच्चों की बेरहमी से पिटाई की और घसीट कर घर से बाहर निकाल दिया। मासूम बच्चों के सिर से छत हट जाने के बाद परिवार के समक्ष जीवन जीने का बड़ा संकट पैदा हो गया है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *