Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर

मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर
श्रीनगर(उद संवाददाता)। जम्मू-कश्मीर में कर्नल-मेजर समेत 8 जवानों की शहादत के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़े आॅपरेशन की शुरुआत की है। घंटों तक चले सर्च आॅपरेशन के बाद बुधवार को पुलवामा जिले के अवंतीपोरा के बेगपोरा इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई है। हिज्बुल कमांडर रियाज नाइकू को घेर लिया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, रियाज नाइकू और पीएसओ (कवर दे रहा आतंकी) को घेर लिया गया है। साथ ही दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। मौके पर सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टीम भी पहुंच गई है और आस-पास के इलाके को घेर लिया गया है। रिपोर्टों में कहा गया है कि पुलिस, सेना की 55 आरआर और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने बेगपोरा में मंगलवार रात काॅर्डन सर्च आॅपरेशन शुरू किया। जैसे ही सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान की ओर बढ़ी, छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच एनकाउंटर की पुष्टि भी की। सूत्रों के अनुसार दो से तीन आतंकवादियों के फंसे होने की आशंका है, जिसमें टाॅप हिजबुल कमांडर रियाज नाइकू भी शामिल है। आठ घंटे के अंतराल में अवंतीपोरा में यह लगातार दूसरी मुठभेड़ है। इसके अलावा अवंतीपोरा के शरशाली में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद मंगलवार रात से यहां सर्च आॅपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से पूरी फायरिंग जारी रही। बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। फिलहाल, एनकाउंटर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *