Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता का निधन

नई दिल्ली/ऋषिकेश(उद सहयोगी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का आज निधन हो गया। 89 साल के आनंद सिंह बिष्ट का दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा था और उनकी हालत गंभीर थी। वह पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे और उन्होंने आज यानी सोमवार सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर अंतिम सांस ली। जब यह खबर सीएम योगी आदित्यनाथ को दी गई, तब वह कोरोना संकट पर बनी टीम-11 की मीटिंग कर रहे थे। खबर मिलने के बाद भी उन्होंने मीटिंग नहीं रोका। दिल्ली में निधन होने के बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पंचूर यमकेश्वर जनपद पौड़ी लाया जा रहा है। दिल्ली से उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट व अन्य स्वजन साथ में है। सड़क मार्ग के जरिये उन्हें यहां लाया जा रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट को किडनी और लिवर की समस्या थी। तबीयत खराब होने पर उन्हें 13 मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था। यहां गेस्ट्रो विभाग के डाॅक्टर विनीत आहूजा की टीम उनका इलाज कर रही थी। आज दोपहर 10 बजकर 40 मिनट पर उनका निधन हो गया। सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह उत्तराखंड के यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते हैं। वे उत्तराखंड में फाॅरेस्ट रेंजर के पद से 1991 में रिटायर हो गए थे। उसके बाद से ही वे अपने गांव में रह रहे हैं। योगी आदित्यनाथ बचपन में ही अपना परिवार छोड़कर गोरखपुर महंत अवेद्यनाथ के पास चले आए थे। बाद में योगी आदित्यनाथ ने महंत के रूप में अवेद्यनाथ की जगह ली। उत्तराखंड में चुनाव के समय योगी कई बार वहां चुनाव प्रचार के सिलसिले में जाते रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ की अपने पिता आनंद सिंह बिष्ट से ज्यादा मुलाकात नहीं होती थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम योगी एक कार्यक्रम के सिलसिले में बिजनौर गए थे। आयोजकों ने उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट को कार्यक्रम का आमंत्रण भेजा था। आनंद सिंह अपने पोते अविनाश मोहन बिष्ट के साथ कार्यक्रम में आए थे। इस दौरान सीएम आदित्यनाथ ने पिता का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। दोनों भावुक हो गए थे।
निधन से पूर्व वायरल हुई निधन की सूचनाः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद विष्ट के निधन से पहले ही आज उनके निधन की झूठी सूचना सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होती रही। सूचना वायरल करने बालो में कई भाजपा नेता भी शामिल रहे। जिससे प्रदेश भर में भ्रम की स्थिति बनी रही लोगों ने सोशल मीडिया पर ही निधन से पहले ही अपनी श्रद्धांजलि भी अर्पित करनी शुरू कर दी । बाद में उनके निधन की अधिकारिक सूचना दोपहर करीब 12 बजे यूपी के गृह सचिव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *