Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर। गत रात्रि अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते मकान के भीतर घुस दुकान से हजारों रूपये की नकदी व सामान चोरी कर लिया। दुकान का एक रास्ता घर के भीतर से भी है। प्रातः घटना की जानकारी मिलने पर दुकान स्वामी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैम्प में रॉक जिम के समीप के निवासी त्रिनाथ दास पुत्र हरेराम दास की घर में ही गली की ओर हरेराम किराना स्टोर नाम से दुकान है। जिसका शटर गली की ओर लगा है जबकि घर से भी दुकान में जाने का रास्ता बना हुआ है। त्रिनाथ ने बताया कि गत रात्रि उसने 10 बजे दुकान बंद की थी और परिवार के साथ घर में सो गया था। आज प्रातः 6 बजे जब वह उठा तो घर के भीतर लगे चैनल का ताला खुला हुआ था। जब उसने दुकान के भीतर जाकर देखा तो वहां सारा सामान बिखरा हुआ था और गल्ले में रखी 58600 की नकदी नदारद थी जो उसने दुकान का सामान खरीदने के लिये रखी हुई थी। उसका कहना था कि अज्ञात चोर घर के बाहर पाईप के रास्ते छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते नीचे उतर आये तथा घर के भीतर लगे चैनल का ताला खोला और घर के भीतर से दुकान में जा घुसे। त्रिनाथ का यह भी कहना है कि इससे पूर्व चोरों ने सम्भल के माध्यम से दुकान का शटर तोड़ने का भी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाये। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण करने के साथ आवश्यक जानकारी ली। त्रिनाथ ने बताया कि मकान परिसर में बनी दुकानों में पूर्व में भी दो बार चोरी हो चुकी है। संदिग्ध युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले भी किया गया लेकिन पुलिस ने बिना किसी कार्रवाई के पकड़े गये युवकों को छोड़ दिया। क्षेत्र में नशेड़ी युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। सम्भवतः उन्ही के द्वारा दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने रपट दर्ज नहीं की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *