विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.95 लाख ठगे
काशीपुर। विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2.95 लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर गाली- गलौज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मोहम्मद रिसाल पुत्र नाजिर हुसैन, निवासी विजय नगर नई बस्ती ने कोतवाली पुकिस को तहरीर देकर बताया कि ईरशाद हुसैन पुत्र शमशाद हुसैन, निवासी ग्राम राजपुर, तहसील जसपुर ने उसे विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर विदेश भेजने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इस एवज में उससे 2 लाख 95 हजार रुपये ले लिए गए। विदेश न भेजे जाने पर जब वादी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोप है कि ईरशाद हुसैन और उसके पिता वादी के घर आए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 352, 351(3) एवं विदेशी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
