Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कैंटर की टक्कर से 13 वर्षीय बच्ची की मौत, चालक हिरासत में

हल्द्वानी के शनि बाजार रोड पर हुआ हादसा, आक्रोशित लोगों ने वाहन घेरा
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। शहर के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार बच्ची वाहन के पहिये के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली थी और इन दिनों हल्द्वानी स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। सोमवार शाम वह अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। इसी दौरान शनि बाजार रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सड़क पर गिरकर कैंटर के पहिये की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने कैंटर को घेर लिया और चालक के िखलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नाराजगी जताई। कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्रधिकारी अमित सैनी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और चालक को सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को भी कब्जे में ले लिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्ची के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। परिवार के अन्य सदस्य घटना के बाद सदमे में हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस क्षेत्रधिकारी अमित कुमार सैनी ने बताया कि दुर्घटना में एक किशोरी की मृत्यु हुई है। कैंटर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *