Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रत्येक कार्यकर्ता का हो हर स्तर पर सम्मानः बी एल संतोष

देहरादून । भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष ने आज पार्टी प्रदेश कार्यालय में विधानसभा चुनाव की समीक्षा की। इस दौरान पार्टी संगठन को मजबूत बनाने एवं सरकार के काम काज को लेकर भी चर्चा की गयी। राष्ट्रीय महामंत्री ने ने सरकार और संगठन में बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकत्र्ता का हर जगह हर स्तर पर सम्मान होना चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चम्पावत से उपचुनाव लडने के संबंध में भी बैठक में चर्चा हुई। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने इस संबंध में पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही मंत्रियों को जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि चुनाव को हलके में बिल्कुल न लें। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने बीती देर रात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ बैठक में सरकार के कामकाज की भी समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री ने मंत्रियों को दो टूक हिदायत दी कि कामकाज की दृष्टि से प्रदर्शन ही उनके मूल्यांकन का आधार होगा। यदि प्रदर्शन कमजोर रहा और कहीं कोई शिकायत आई तो पार्टी को सोचने पर विवश होना पड़ेगा। रात आठ बजे से 11 बजे तक चली बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने धामी सरकार के कामकाज को कसौटी पर परखते हुए एक माह के कार्यकाल के प्रदर्शन का ब्योरा लिया। मंत्रियों ने उन्हें बताया कि वे सौ दिन का रोडमैप तैयार कर आगे बढ़ रहे हैं। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सुशासन पार्टी की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, परिवारवाद के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय महामंत्री ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे राज्य के चहुंमुखी विकास और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के मद्देनजर लक्ष्य निर्धारित कर योजनाएं बनाएं और इन पर आगे बढ़ें। इसके लिए सभी मंत्री पार्टी के दृष्टिपत्र को सामने रखकर कार्य करें, ताकि जनता से जो वायदे पार्टी ने किए हैं वे पूरे हो सकें। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, डा धन सिंह रावत, रेखा आर्य, चंदन रामदास व सौरभ बहुगुणा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *