October 22, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हत्यारोपी अंग्रेज सिंह को छुड़ाने कोर्ट आये थे बदमाश,जेल में बनी थी पूरी प्लानिंग

गिरफ्तार दोनों बदमाशों के चार साथी फरार, तलाश जारी

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। बीते दिवस कोर्ट परिसर में पिस्टल और तमंचे के साथ पकड़े गये दो बदमाश पेशी पर लाये जा रहे एक हत्यारोपी को छुड़ाने के लिए आये थे। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। इनके चार साथी फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है।

एसएसपी कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए डीआईजी नीलेश आंनद भरणे ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को गत दिवस यह जानकारी मिली कि किच्छा के समीर हत्याकांड के जेल में निरुद्ध अपराधी अंग्रेज सिंह उर्फ रिंकू पुत्र सतनाम सिंह निवासी फाजलपुर थाना बहेडी बरेली की न्यायालय एडीजे द्वितीय मे पेशी हेतु तिथि नियत है। जिसे कुछ पेशेवर अपराधी कार नंबर यूके 18 एम 0760 से आकर अवैध हथियारों लेकर कोर्ट रुम के अंदर गोलियाँ चलाकर पुलिस एवं न्यायालय की अभिरक्षा से छुडाकर ले जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही उनि पंकज कुमार चौकी प्रभारी सिडकुल, का. कृपाल सिंह व गंगा सिंह के साथ कोर्ट परिसर पहुँचे। जहाँ कोर्ट के प्रवेश गेट पर थाना ट्रांजिट कैम्प के उनि मुकेश मिश्रा व एसओजी से का. गणेश पाण्डेय, प्रभात चौधरी, कुलदीप सिंह मौजूद थे। एसओजी प्रभारी उनि कमलेश भट्ट के दिशा निर्देश के अनुसार योजना बनाकर कोर्ट के गेट के अंदर आने जाने वाले लोगो व वाहनो पर नजर रखते हुए चैकिगं शुरू की गई। उन्होंने बताया इस दौरान कई वाहनो को चैक किया गया।

करीब 11.15 बजे कार संख्या यूके 18 एम 0760 न्यायालय के गेट के अन्दर आई और बाँई ओर पार्किगं की ओर मुड़ी पुलिस ने न्यायालय के गेट के अन्दर ही वाहन को रुकवाकर देखा तो वाहन में दो व्यक्ति बैठे थे। चालक व उसके बगल में बैठे व्यक्ति को कार से नीचे उतारकर नाम पता पूछा तो कार चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम रिंकू कुमार पुत्र स्व. महेश चन्द्र निवासी साउथ गणेश नगर दिल्ली बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई जिसमें पाँच कारतूस लगे थे। जिसका लाइसेंस मांगने पर नहीं दिखाया। दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम पता उदयवीर सिंह उर्फ सन्नी विर्क पुत्र अमीर सिंह निवासी मजरा सिला थाना गदरपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा 315 बोर व एक जिन्दा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि मोहनपुर दिनेशपुर निवासी जुगराज उर्फ जग्गा प्रधान, ट्रांजिट कैम्प निवासी प्रबल जौहरी उर्फ सन्नी जौहरी, दानपुर निवासी मोनू चीमा पुत्र जीत सिंह व इन्दिरा कालोनी गली नं0 6 निवासी मोनू चीमा पुत्र गुरमेज सिंह हमारे साथी हैं। इन्होने कुछ लडके पंजाब से भी बुलाए हैं जो अपने वाहनो से कोर्ट आने वाले हैं हम लोगो द्वारा हल्द्वानी जेल में बन्द अपने साथी अंग्रेज सिंह उर्फ रिंकू को एडीजे द्वितीय कोर्ट रुम के अंदर से फायर करके पुलिस व न्यायालय की कस्टडी से छुडवाकर ले जाने की योजना थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि योजना के मुताबिक दोनो को अंदर कोर्ट में जाकर गोलियां चलाकर छुडाकर ले जाना था। जबकि हमारे अन्य साथियों को न्यायालय परिसर में ही मौजूद रहना था जो लोग कुछ देर में आने वाले थे। डीआईजी ने बताया बदमाशों के साथियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम सतर्क हो गई। किसी गंभीर घटना की आंशका के दृष्टिगत एवं न्यायालय की गरिमा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनो पकड़े गए बदमाशों को उनके वाहन में बैठाकर उनके अन्य साथियो की प्रतीक्षा करने लगे। कुछ समय बाद एक कार में कुछ लोग न्यायालय परिसर के बाहर गेट पर आए और पुलिस वालो को चौकिगं करता देख उन्होंने अपनी कार तेजी से हल्द्वानी रोड की ओर भगा दी।

पकडे गए रिंकू व उदयवीर उर्फ सन्नी विर्क ने उस भागी हुई कार में बैठे व्यक्तियों की पहचान सन्नी जौहरी उर्फ प्रबल जौहरी पुत्र उमेश जौहरी निवासी नारायण कालोनी ट्रांजिट कैम्प, जुगराज सिंह उर्फ जग्गा प्रधान पुत्र कांवल सिंह निवासी मोहनपुर दिनेशपुर, मोनू चीमा पुत्र जीत सिंह निवासी दानपुर,व मोनू चीमा पुत्र गुरमेज सिंह निवासी इंदिरा कालोनी के रुप में की। डीआईजी ने बताया फरार चारों बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर उन्हें सम्भावित स्थानों की ओर रवाना कर दिया गया है। डीआईजी ने कहा पुलिस कर्मियों की सतर्कता से कोर्ट परिसर गम्भीर घटना होने से टल गई। मामले का खुलासा करने वाली टीम को डीजी, डीआईजी और एसएसपी ने ईनाम देने की घोषणा की है। पत्रकार वार्ता में एसएसपी डाक्टर मंजूनाथ टीसी, एसपी क्राइम हरीश वर्मा,सीओ सिटी अभय सिंह आदि मौजूद रहे।

जेल में बनी थी पूरी प्लानिंग
रूद्रपुर। किच्छा के समीर हत्याकांड में जेल में बंद अपराधी अंग्रेज सिंह उर्फ रिंकू पुत्र सतनाम सिंह को पेशी के दौरान छुड़ाने की योजना जेल में बनायी गयी थी। गिरफ्तार रिंकू कुमार और उदय वीरेन्द्र सिंह उर्फ उदयवीर सिंह उर्फ सन्नी विर्क की मुलाकात अंग्रेज सिंह से जेल में हुई थी। तीनों एक ही बैरक में थे। इसी दौरान अंग्रेज सिंह को पेशी के दौरान कोर्ट से छुड़ाने की प्लानिंग बनायी गयी थी। लेकिन पुलिस की सतर्कता से बदमाशों के मंसूबे धरे रह गये।

कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किये गये दोनों बदमाश
रूद्रपुर। कोर्ट परिसर में दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने की कोशिश में गिरफ्तार किये गये रिंकू कुमार और उदय वीरेन्द्र सिंह उर्फ उदयवीर सिंह को आज कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। इनके चार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *