August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सिडकुल में अज्ञात वाहन ने युवक को रौंदा, मौत

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। गत सायं सिडकुल स्थित सेक्टर 7 में अज्ञात वाहन ने मार्ग किनारे पैदल जा रहे युवक को रौंद दिया जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर सिडकुल चैकी पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से घटना के संदर्भ में आवश्यक जानकारी ली तथा शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पायी है। जानकारी के अनुसार गत सायं सिडकुल स्थित सेक्टर 7 में लगभग 35वर्षीय युवक पैदल जा रहा था। बताया जाता है कि तीव्र गति से जाते अज्ञात वाहन चालक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी जिससे युवक वाहन के पहिए के नीचे कुचला गया। आसपास खड़े लोगों ने घटना की सूचना तुरन्त पुलिस को दी। तब तक आरोपी वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से आवश्यक जानकारी ली और मृतक के संदर्भ में पूछताछ की लेकिन कोई भी व्यक्ति मृतक को पहचान नहीं सका। इस पर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर शवगृह भिजवाया तथा उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिये। बताया जाता है किमृतक पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लावारिस अवस्था में घूमता दिखायी देता था। पुलिस ने आसपास के थानाक्षेत्रों को मृतक के संदर्भ में जानकारी दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *