एसआईआर को लेकर हंगामे के बाद कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे भाजपाई
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। एसआईआर को लेकर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और जिलाधिकारी नितिन भदौरिया की मौजूदगी में सोमवार को कलैक्ट्रेट सभागार में बुलाई बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई गालीगलौच व हाथापाई की नौबत के बाद पश्चात विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल व किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सभागार के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल का कहना था कि वोटों को लेकर नियमानुसार ही आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। जांच के बाद गलत वोट ही हटाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को देश में एक ही स्थान पर वोट देने का अधिकार है। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बैठक में एसआईआर को लेकर चर्चा की जा रही थी। तभी पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अव्यवस्था फैलाते हुए भाजपा नेताओं को गालीगलौच कर धमकियां देनी शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक वर्ग विशेष के वोटों को लेकर चिंतित है। वह तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि आपत्ति दर्ज कराना संवैधानिक अधिकार है। इसकी जांच करना चुनाव आयोग व प्रशासन का काम है जो आपत्ति सही पाई गई वही नाम काटे जायेंगे सभी नहीं। श्री अरोरा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करने की बात कहने वाली कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा आज सामने आ गया है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि भाजपा द्वारा आपत्तियां दर्ज कराने से कांग्रेस नेता तिलमिलाये हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को डर है कि एक वर्ग विशेष के हजारों वोट कट जाने से उनकी हार हो जायेगी। उन्होंने कहा कि यहां पर वोट बैंक की राजनीति नहीं होने दी जायेगी। श्री शुक्ला ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के सामने ही गालीगलौच व धमकी देने वाले पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। धरना प्रदर्शन में अमित नारंग, ब्लाक प्रमुख रीना गौतम, जितेन्द्र गौतम, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, सुरेश कोली, रोशन अरोरा, शालिनी बोरा आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का आरोप है कि शांतिपूर्ण ढंक से चल रही बैठक में भाजपा पदाधिकारियों कांग्रेसियों को गुण्डा कहा जा रहा है और गाली-गलौच कर उन्हे अपमानित किया जा रहा था। जिसकी वीडियों में पूरी रिकाडिंग है। सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा खुलेआम कांग्रेसियों के साथ अभद्रता की गई।
