राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उत्तराखंड दौरा स्थगित
एक नवंबर को देहरादून और दो नवंबर को केदारनाथ पहुंचने का था कार्यक्रम
देहरादून (उद संवाददाता)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रपति को एक नवंबर को देहरादून पहुंचना था, जबकि दो नवंबर को उनका केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा अर्चना करने का कार्यक्रम निर्धारित था। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से दौरा स्थगित किए जाने की सूचना उत्तराखंड शासन को पत्र के माध्यम से भेज दी गई है। इसके बाद प्रदेश में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर चल रही प्रशासनिक तैयारियां फिलहाल रोक दी गई हैं। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को 29 अक्टूबर को पत्र भेजकर प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई। पत्र में एक और दो नवंबर को निर्धारित राष्ट्रपति के उत्तराखंड भ्रमण कार्यक्रम को फिलहाल टालने की बात कही गई है। हालांकि दौरा स्थगित किए जाने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन परिस्थितियों के चलते राष्ट्रपति का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा स्थगित किया गया है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर उत्तराखंड शासन और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। देहरादून से लेकर केदारनाथ धाम तक सुरक्षा व्यवस्था, राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल, आवागमन और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था। संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियों को लेकर समन्वय बनाया जा रहा था। अब दौरा स्थगित होने के बाद प्रशासन ने फिलहाल इन तैयारियों को रोक दिया है। राष्ट्रपति के उत्तराखंड आगमन की नई तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। नई तिथि राष्ट्रपति भवन की ओर से तय किए जाने के बाद ही आगे का कार्यक्रम निर्धारित होगा। गौरतलब है कि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। नवंबर माह में चारों धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसी क्रम में केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर बंद होने निर्धारित हैं। केदारनाथ धाम रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है और राष्ट्रपति का इसी धाम में पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। राष्ट्रपति के दौरे के स्थगित होने के बाद अब उनके नए भ्रमण कार्यक्रम को लेकर इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल राष्ट्रपति भवन की ओर से नई तारीख घोषित नहीं की गई है।


