August 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अधिकारियों की सजगता से टली हाथापाई,बेहड़ भी पहुंचे: गुंडो से धमकाने के आरोपों को लेकर माहौल गरमाया

रुद्रपुर। प्रशासनिक अधिकारियों की सजगता के चलते कलेक्ट्रेट में एसआईआर को लेकर बुलाई गई बैठक के दौरान हाथापाई की नौबत टल गई। बैठक में आपत्तिकर्ताओं को कथित रूप से गुंडो से धमकाने के आरोपों को लेकर माहौल गरमा गया। इसी दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की ओर इशारा करते हुए कथित तौर पर गाली देने की बात सामने आने पर पूर्व विधायक और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए। मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। यदि अधिकारी समय रहते कांग्रेसियों को नहीं समझाते और स्थिति को नियंत्रित नहीं करते तो मामला और बढ़ सकता था तथा हाथापाई की नौबत तक पहुंच सकती थी। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। स्थिति को देखते हुए एसडीएम मनीष बिष्ट, कौस्तुभ मिश्रा और तहसीलदार दिनेश कुटिल ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके समर्थकों को समझाया तथा उन्हें वहां से लेकर गए। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय में उनकी समस्याओं और आपत्तियों को सुना गया। बाद में किच्छा के विधायक तिलकराज बेहड़ भी कलेक्ट्रेट पहुंच गये। बेहड़ ने कहा कि सत्ता पक्ष के लोगों को अपनी जुबान संभालनी चाहिए। गत दिवस भी पूर्व विधायक राजेश शुक्ला द्वारा उनके खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया। सबसे पहले सत्ता पक्ष के लोगों को अपनी जुबान संभालने की जरूरत है। कांग्रेसियों का आरोप था कि एसआईआर से संबंधित फॉर्म-13 और फॉर्म-14 अभी तक नहीं भेजे गए हैं और उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना था कि इन फॉर्मों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आपत्तियों का समय से निस्तारण हो सके। बैठक के दौरान अचानक बने तनावपूर्ण माहौल से कुछ देर के लिए कलेक्ट्रेट में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों की सजगता के चलते मामला हाथापाई तक पहुंचने से पहले ही संभाल लिया गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी और स्थिति को शांत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *