Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सेंचुरी मिल में भीषण गर्मी के बीच ड्यूटी के दौरान श्रमिक की मौत

परिजनों को नौ लाख सहायता और एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने पर बनी सहमति
लालकुआं (उद संवाददाता)। सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल में ड्यूटी के दौरान बिंदुखत्ता निवासी 34 वर्षीय श्रमिक मोहन राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बाद में मिल प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच हुई वार्ता में मृतक परिवार को नौ लाख रुपये आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार देने पर सहमति बनी। जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के तिवारी नगर प्रथम निवासी मोहन राम मंगलवार को जनरल शिफ्ट में सेंचुरी पेपर मिल में ड्यूटी पर गये थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब सवा चार बजे वह मिल परिसर के भीतर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान भीषण गर्मी के बीच अचानक अचेत होकर गिर पड़े और पास स्थित नाले में जा गिरे। आसपास मौजूद मजदूरों ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर मिल की डिस्पेंसरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। डॉ सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन हल्द्वानी अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहन राम मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र में शोक व्याप्त है। मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने बताया कि मोहन राम मेसर्स एसएम इंटरप्राइजेज के संविदा श्रमिक के रूप में सेंचुरी पल्प एंड पेपर कारखाने में कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि कारखाने के इंस्ट्रूमेंट विभाग के पीछे मोहन राम अचेत अवस्था में मिले थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रबंधन, मृतक के परिजनों और श्रम संगठनों के बीच वार्ता हुई। वर्ष 2021 और 2024 में हुए पंजीकृत समझौते के आधार पर मृतक की पत्नी भावना देवी को नौ लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी तय हुआ कि भावना देवी या उनकी इच्छा के अनुसार परिवार के किसी एक पात्र सदस्य को कारखाने में स्थायी रोजगार दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *