फांसी पर लटका मिला घर का इकलौता चिराग,बेहोश मिली युवती ने दम तोड़ा
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र के ठाकुर नगर में मंगलवार की रात्रि घर का इकलौता पुत्र संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अन्दर फांसी पर लटका पाया गया। परिजनों ने उसे फांसी से उतारकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ठाकुरनगर निवासी रमेश अधिकारी ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैे। उसकी पुत्री का विवाह हो चुका है जबकि 22 वर्षीय पुत्र राकेश अधिकारी सिडकुल की एक कम्पनी में काम करता था। रमेश ने बताया कि राकेश मंगलवार को ड्यूटी कर शाम को घर वापस आया था और रात्रि करीब साढ़े नौ बजे उसने खाना खाया। उन्होंने बताया इसके बाद राकेश एक कुर्सी लेकर अपने कमरे में चला गया और उसके मोबाईल पर गाने की आवाज आने लगी। रमेश ने बताया कि जब राकेश कमरे से गाने की आवाज बंद नहीं हुई तो उन्होंने उसका दरवाजा खटखटाया परंतु अन्दर से कोई आवाज नहीं आई। जिसके बाद दरवाजा तोड़कर भीतर गये। जहां उन्होंने राकेश को फांसी पर झूलता हुआ देखा। शोर मचाने पर अन्य लोग भी आ गये। राकेश को तुरंत फांसी से उतारकर जिला चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने बताया कि राकेश ने कभी भी अपनी कोई समस्या नहीं बताई थी और हमेशा सामान्य रूप से रहता था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ।
बेहोश मिली युवती ने दम तोड़ा
रूद्रपुर । डीडी चौक के पास संदिग्ध रूप से एक युवती को बेहोशी की अवस्था में पाया गया। जानकारी मिलने पर महिला पुलिस ने उसे उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। युवती के पास से पाये गये दस्तावेज के आधार पर उसकी शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। जिनके यहां आने का इंतजार किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार आज प्रातः डीडी चाौक के पास रोड़वेज की ओर लगभग 19 वर्षीय युवती को संदिग्ध अवस्था में बेहोशी की हालत में लेटा पाया गया। युवती को इस हालत में देख वहां लोगों की भीड़ लग गई। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची महिला पुलिस ने युवती को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती के पास से बरामद दस्तावेज के आधार पर उसकी शिनाख्त 19 वर्षीय बीनू पाल पुत्री महीपाल निवासी शाहजहांपुर के रूप में की गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया और मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने पर ही मृतका के बारे में जानकारी मिलेगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
