Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सिडकुल में ऑटोकॉम्प कंपनी में हादसा,श्रमिक की मौत

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। पंतनगर सिडकुल में शनिवार को कार्य के दौरान एक श्रमिक के सिर पर भारी सामान गिर जाने से उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिडकुल क्षेत्र स्थित सेक्टर-11 स्थित ऑटोकॉम्प कॉर्पाेरेशन पानसे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में शनिवार को रोज की तरह श्रमिक कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कार्य कर रहे एक श्रमिक के सिर पर भारी सामान गिर गया। जिससे व लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। अचानक हुई इस घटना से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। श्रमिकों के साथ फैक्ट्री अधिकारी भी वहां आ गए। गंभीर रूप से घायल श्रमिक को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक श्रमिक की पहचान 36 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र हरीश कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी था और वर्तमान में रुद्रपुर में अस्थायी रूप से रहकर कंपनी में कार्य कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गौरतलब है कि सिडकुल की कई फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। श्रमिक संगठनों का कहना है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन औद्योगिक हादसे होते हैं और श्रमिक अपनी जान गंवा रहे हैं। शनिवार को हुई इस घटना ने एक बार फिर फैक्ट्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। युवक के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *