August 17, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विजय दिवस पर कारगिल के अमर शहीदों को किया नमन

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। 27वें कारगिल विजय दिवस पर रविवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर शौर्य दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए जनपद के हवलदार पदम राम और राइफलमैन अमित नेगी को पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही कारगिल युद्ध में घायल हुए पूर्व सैनिक मान सिंह मेहता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक नगर डॉ- उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। हमारे वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में भी अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए देश की अखंडता और सम्मान की रक्षा की। उनका सर्वाेच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को जीवन में आत्मसात करने का आ“वान किया। समारोह में भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) के-डी- सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में कारगिल युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना, वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों के उत्कृष्ट समन्वय, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय साहस का परिचय देकर दुश्मन को परास्त किया और तिरंगे की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। उन्होंने कहा कि सैनिक का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वाेच्च संकल्प होता है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि देश की रक्षा में सर्वाेच्च बलिदान देने वाले सैनिकों पर पूरे राष्ट्र को गर्व है। शहीदों की कुर्बानी को सदैव स्मरण रखना और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को प्रशासन सर्वाेच्च प्राथमिकता देगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि और विजय की गाथा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1999 के युद्ध में देश के लगभग 30 हजार सैनिकों ने भाग लिया था। इस युद्ध में 527 जवान शहीद हुए, जिनमें उत्तराखंड के 75 तथा ऊधमसिंह नगर जनपद के दो वीर सैनिक शामिल थे, जबकि 1363 जवान घायल हुए। उन्होंने कहा कि इन्हीं वीरों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर जनपद के शिक्षण संस्थानों में आयोजित निबंध, भाषण, चित्रकला एवं देशभक्ति कविता प्रतियोगिताओं तथा खेल विभाग की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में गरिमा प्रथम, अवनि गौतम द्वितीय और शाहिन तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में सोनम प्रथम, विनिता द्वितीय और जागृति तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में नितेश विश्वास प्रथम, वंशिका वर्मा द्वितीय तथा नीतिका मंडल तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि देशभक्ति कविता के लिए कनिष्का पांडे को सम्मानित किया गया। क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के ओपन पुरुष वर्ग में पुष्कर चंद्र प्रथम, केवल चन्याल द्वितीय और अमन तृतीय रहे, जबकि महिला वर्ग में माया प्रथम, गीतिका द्वितीय और जस किरन तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में विंग कमांडर एच-के- राय (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट कर्नल गुरुदेव सिंह (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट कर्नल आर-पी- सिंह (सेवानिवृत्त), उपाध्यक्ष सैनिक परिषद ऊधमसिंह नगर, विभिन्न सैन्य एवं पुलिस अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *