वाहन चोर गिरोह का भंडाफ़ोड़,11चोरी की बाइकें बरामद, 5 शातिर गिरफ्तार
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। जनपद में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प और कोतवाली खटीमा पुलिस ने अलग- अलग कार्रवाई करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति द्वारा जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों, वाहन चोरी और संगठित अपराधों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर, क्षेत्रधिकारी रुद्रपुर तथा क्षेत्रधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों का संकलन और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर वाहन चोरों की तलाश की जा रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान स्थानों, बाजारों, जिम, दुकानों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी बाईकों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर उन्हें झाड़ियों, कच्चे रास्तों और सुनसान क्षेत्रें में छिपाकर रखते थे। बाद में इन वाहनों को कम कीमत पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस को दो जून को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गणेशपुर रोड स्थित एक खंडहर के पास मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन युवकों को एक चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलें कोतवाली ट्रांजिट कैम्प में दर्ज एफआईआर संख्या 117/2026, 159/2026, 160/2026 एवं 162/2026 तथा थाना पंतनगर क्षेत्र से संबंधित पाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पाल पुत्र गिरधारी लाल निवासी कृष्णा कॉलोनी ट्रांजिट कैम्प, अरुण पुत्र महेंद्र पाल निवासी विवेक नगर ट्रांजिट कैम्प तथा आशीष श्रीवास्तव पुत्र उदयवीर श्रीवास्तव निवासी ठाकुर नगर ट्रांजिट कैम्प के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित मुकदमों में कार्रवाई की जा रही है। उधर खटीमा पुलिस ने भी वाहन चोरी के मामलों के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। कोतवाली क्षेत्र में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के कई मामलों की जांच के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम सुजिया मार्ग के पास से फरमान फरीदी उर्फ फुकना को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए चोरी के वाहन आशीर्वाद पैलेस की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखने की जानकारी दी। फरमान की निशानदेही पर पुलिस ने कई चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके बाद दूसरे आरोपी पवन धामी को लाल कोठी रोड चकरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बाजारों, दुकानों, जिम और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों को छिपाकर रखा जाता था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। बाद में उन्हें बेचकर धन अर्जित किया जाता था। खटीमा पुलिस द्वारा गिरफ्तार फरमान फरीदी उर्फ फुकना निवासी इस्लामनगर खटीमा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र से हीरो स्प्लेंडर, हीरो एचएफ डीलक्स और पैशन प्रो समेत छह मोटरसाइकिलें तथा खटीमा क्षेत्र से यामाहा आरएक्स, हीरो स्प्लेंडर, टीवीएस स्पोर्ट सहित कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद सभी वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीमों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध ष्ऑपरेशन प्रहारष् के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी, संगठित अपराध और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
