Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जल संरक्षण का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली, जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

विश्व साइकिल दिवस पर ‘जल उत्सव सप्ताह’ का शुभारंभ, 200 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (सारा) के तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित साइकिल रैली एवं रेस का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर 1 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाले ‘जल उत्सव सप्ताह’ का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि वर्तमान समय में जल स्रोतों का संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में जनसहभागिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जल, जंगल और पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने, नदियों एवं प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आ“वान किया। उन्होंने कहा कि जल उत्सव सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को जल संरक्षण एवं संवर्द्धन का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में कुल 235 प्रतिभागियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें से 200 प्रतिभागियों ने साइकिल रेस में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में अपूर्व बिष्ट ने प्रथम, देव समजदार ने द्वितीय तथा वेदान्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में पल्लवी प्रथम, नीलम द्वितीय और साक्षी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा तीन बालक एवं तीन बालिकाओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य कोषाधिकारी डॉ- पंकज कुमार शुक्ल, सदस्य सचिव सारा एवं अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *