बेकाबू बस ने ऑटो समेत पांच वाहनों को मारी टक्कर
ज्वालापुर में हादसे में ऑटो चालक का हाथ कटा, गंभीर हालत में जौलीग्रांट रेफर, बस चालक हिरासत में
हरिद्वार (उद संवाददाता)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस ने ऑटो समेत पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर में उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जौलीग्रांट रेफर किया गया। बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय अस्पताल के बाहर अधिक भीड़ नहीं थी। पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर ज्वालापुर को हिरासत में लेकर बस कब्जे में ले ली है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
