संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर ऊधमसिंहनगर पुलिस का सख्त एक्शन, 119 शस्त्र कराए जमा
विशेष सत्यापन में 108 संदिग्ध लाइसेंस चिन्हित, 94 लाइसेंस कब्जे में लिए
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने संदिग्ध और बाहरी राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध जनपदव्यापी विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित तीन विशेष पुलिस टीमों ने अब तक 678 में से 626 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन पूरा कर लिया है। जांच के दौरान 108 लाइसेंस संदिग्ध पाए गए, जिनमें से 94 लाइसेंस पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं, जबकि संबंधित धारकों से 119 शस्त्र थानों में जमा कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को कोतवाली कुंडा में फर्जी शस्त्र लाइसेंस के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया था कि जनपद में बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से जारी कई शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदे और रखे जा रहे हैं, जिनकी वैधानिकता संदिग्ध प्रतीत हुई। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार शस्त्र और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद कर जेल भेज चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने 25 जून को तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन कर जनपदभर में सत्यापन अभियान शुरू कराया। अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में बाहरी राज्यों एवं गैर जनपदों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की जांच की गई तथा संदिग्ध पाए गए लाइसेंसों और शस्त्रों को नियमानुसार कब्जे में लिया गया। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई बाजपुर क्षेत्र में हुई, जहां 39 संदिग्ध लाइसेंस कब्जे में लेकर 43 शस्त्र जमा कराए गए। इसके अलावा गदरपुर से 10, केलाखेड़ा से नौ, नानकमत्ता से सात, काशीपुर से सात, सितारगंज से छह, कुंडा से पांच, जसपुर से तीन, आईटीआई से तीन तथा रुद्रपुर से तीन लाइसेंस पुलिस ने कब्जे में लिए। अन्य थाना क्षेत्रों में भी संदिग्ध लाइसेंसों का सत्यापन और वैधानिक जांच जारी है। पुलिस के अनुसार सत्यापन अभियान अभी जारी है। अब तक 678 में से 626 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 52 लाइसेंसों का सत्यापन शेष है। संदिग्ध पाए गए शस्त्र लाइसेंसों की वैधानिकता और निर्गमन प्रक्रिया की गहन जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में फर्जी, संदिग्ध अथवा नियम विरुद्ध तरीके से प्राप्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
