Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ऊधमसिंहनगर पुलिस ने तीन माह में की ऐतिहासिक कार्रवाई :  नशा,अवैध शस्त्र और कच्ची शराब के खिलाफ अभियान में मिली बड़ी सफलता

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल नेतृत्व में जनपद पुलिस ने पिछले तीन माह के दौरान अपराध, नशा तस्करी, अवैध शस्त्र कारोबार, कच्ची शराब, ओवरलोडिंग तथा समाज विरोधी गतिविधियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि के विजन को धरातल पर उतारते हुए पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति द्वारा बीते तीन माह में पांच बड़े विशेष अभियान संचालित किए गए, जिनमें सैकड़ों अपराधियों की गिरफ्तारी तथा भारी मात्रा में अवैध सामग्री की बरामदगी की गई। अवैध शस्त्र अभियान के दौरान 96 मुकदमे दर्ज कर 103 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 87 तमंचे, 3 बंदूकें, 2 पंप एक्शन गन, 3 पिस्टल, 1 रिवॉल्वर सहित 159 कारतूस बरामद किए। अवैध नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 55 मुकदमे दर्ज कर 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 581.4 किलोग्राम गांजा, 1.058 किलोग्राम चरस, 714.96 ग्राम स्मैक, 56 नशीले इंजेक्शन एवं 227 नशीली गोलियां बरामद कीं। पुलिस के अनुसार यह जनपद में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी में शामिल है। पुलिस ने नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी बड़ा प्रहार किया। कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत की लगभग 3.70 करोड़ रुपए तथा गांजा तस्कर संजय गुप्ता की लगभग 3 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई प्रारंभ की गई है। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की चल अचल संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया भी जारी है। अवैध कच्ची शराब के विरु( विशेष अभियान में 133 मुकदमे दर्ज कर 127 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 3156 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, 63 अवैध भट्टिðयां नष्ट की गईं तथा 1,52,100 लीटर लहन मौके पर नष्ट किया गया। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए अभियान में 197 ओवरलोडिंग चालान किए गए तथा 142 वाहन सीज किए गए। वहीं 53 ओवरस्पीडिंग चालान कर 5 वाहन सीज किए गए और 2 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे जनपद में 1337 अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 737 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 8687 व्यक्तियों का सत्यापन किया, 2696 यातायात चालान किए तथा 376 वाहन सीज किए। इसके अलावा 3976 बार, होटल, पब, क्लब एवं ढाबों की चेकिंग की गई। धर्मांतरण मामलों में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी गठित कर जांच शुरू की है। वहीं सितारगंज क्षेत्र में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल बदर से जुड़े मामलों में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल एवं जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त जांच जारी है। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस फिटनेस, अनुशासन एवं जनसुनवाई व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। नियमित परेड, फिजिकल एक्टिविटी, नो व्हीकल डे एवं संवेदनशील पुलिसिंग के चलते आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधियों, नशा तस्करों एवं समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *