पुलिया पर खेल रहे थे दो बच्चे नाले में बहे
सात वर्षीय बालिका को लोगों ने बचाया- दूसरी बच्ची की तलाश जारी
हरिद्वार (उद संवाददाता)। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम बारिश के दौरान पुलिया पर खेल रहे दो बच्चे अचानक नाले में गिर गए। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण छह वर्षीय बच्ची बह गई, जबकि सात वर्षीय बालिका को आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में अभियान शुरू किया। तेज बारिश और पानी के बहाव के बीच देर शाम तक कई स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान रावली महदूद में कृपाल स्कूल के पास कुछ बच्चे पुलिया पर खेल रहे थे। बारिश के चलते नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। इसी दौरान छह वर्षीय विधिका और सात वर्षीय हिमानी नाले में गिर गईं। दोनों के नाले में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। लोगों ने किसी तरह हिमानी को बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका तेज बहाव की चपेट में आ गई और पानी के साथ बह गई। विधिका छह वर्ष की थी और मूल रूप से ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर की रहने वाली थी। वर्तमान में वह परिवार के साथ कृपाल नगर, रावली महदूद में रह रही थी। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के बाद एसडीआरएफ को सूचना दी। कुछ ही देर में एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंच गए और नाले में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। टीम ने तेज बहाव के बीच नाले के कई हिस्सों में सर्च अभियान चलाया। इसके अलावा आसपास के नालों और पानी के संभावित बहाव वाले स्थानों पर भी बच्ची की तलाश की गई। बारिश और तेज पानी के बहाव के कारण बचाव दल को अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर बच्ची को तलाशती रहीं। देर शाम तक अभियान जारी था, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया था। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हैं। नाले के साथ ही आसपास के संभावित स्थानों पर भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पानी का बहाव कम होने के बाद तलाशी अभियान को और तेज किया जाएगा
