भवाली में दर्दनाक सड़क हादसा, कार खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत
मृतकों की पहचान हुई ,एक ही परिवार के चार लोग पति-पत्नी, बेटा बेटी व चालक की भी मौत
नैनीताल। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला नहीं थम रहा है। वहीं आज भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर खाई में गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ। कार भवाली-सेनिटोरियम मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार दुर्घटना 21 मई 2026 को अपराह्न करीब 2:15 बजे हुई। महिंद्रा कार (वाहन संख्या UP 32 QU 1874) ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे और सभी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतकों की पहचान खटीमा निवासी 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल के रूप में हुई है। वहीं वाहन चालक 34 वर्षीय अनुज कुमार मिश्रा पुत्र दया सागर मिश्रा निवासी अफसर नगर, एलपीजी गोदाम, आलम नगर, लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई। घटनास्थल पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने सभी शवों को गहरी खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
