Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

20 हजार के इनामी बदमाश समेत तीन गिरफ्तार

रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर कोतवाली पुलिस ने अलग अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। वहीं गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे गैंग के सरगना को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस के अनुसार ग्राम टांडा मल्लू निवासी विशाल पासवान लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ रामनगर कोतवाली में पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।लगातार फरार रहने के कारण उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोरपानी के समीप एक खाली मैदान से विशाल पासवान और ग्राम बसई निवासी अनुज रावत को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।एक अन्य कार्रवाई में रामनगर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहे गैंग लीडर कौशल चिलवाल निवासी इंदिरा कॉलोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार कौशल चिलवाल के खिलाफ रामनगर और कालाढूंगी थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिन पूर्व पुलिस ने कौशल चिलवाल और उसके तीन साथियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कौशल चिलवाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *