August 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

स्वस्थ और अनुशासित युवा ही विकसित उत्तराखंड की नींवः धामी

रन फॉर योगा से योग को जनआंदोलन बनाने का आहवान
देहरादून (उद संवाददाता)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित रन फॉर योगा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और योग को जन जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण पूरी मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक और जीवनोपयोगी पद्धति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के प्रस्ताव को स्वीकार किए जाने के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग नियमित रूप से योग का अभ्यास कर रहे हैं। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आ“वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, योग प्रशिक्षकों को सहयोग दिया जा रहा है तथा योग और वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को घर घर तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आ“वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और स्वस्थ, समृद्ध तथा सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ- आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिस कर्मी, योग प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *