Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गोदाम में एसटीएफ का छापा,भारी मात्रा में संदिग्ध केमिकल बरामद

किच्छा। चुकटी देवरिया क्षेत्र में एसटीएफ और खाद्य पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने एक गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध केमिकल बरामद किया है। बरामद केमिकल की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि केमिकल का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और उसमें किसी प्रकार की अनियमितता है या नहीं। जानकारी के अनुसार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि किच्छा रुद्रपुर रोड स्थित पार्क नालंदा स्कूल के सामने कृष्णा होटल के समीप एक गोदाम में टैंकरों से केमिकल लाकर उसका अवैध रूप से भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ ने कृषि विभाग और खाद्य पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध केमिकल बरामद किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने केमिकल के नमूने लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक विभागीय अधिकारी केमिकल की गुणवत्ता और उसके उपयोग की जांच में जुटे थे। संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ के विकास चौधरी, विपिन जोशी, के. जी. मठपाल, हेड कांस्टेबल रविंद्र बिष्ट, कृषि रक्षा अधिकारी नवीन चंद्र जोशी, सहायक कृषि अधिकारी मोहम्मद यासीन तथा पूर्ति अधिकारी भारत सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *