प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की जल्द होगी घोषणा : सैलजा
बैठक में एसआईआर की निगरानी, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर हुई चर्चा
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की तस्वीर जल्द साफ हो सकती है। दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आई उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने पीसीसी पर प्रदेश नेताओं के साथ चर्चा कर नब्ज टटोली है। बैठक में प्रदेश प्रभारी सैलजा ने शीघ्र प्रदेश कार्यकारिणी घोषित करने के लिए संकेत दिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने के लिए प्रभारी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ वन टू वन कर पीसीसी पर राय ली है और पीसीसी में पदाधिकारियों के नामों पर आखिरी सहमति बनाई है। बृहस्पतिवार को वापस दिल्ली लौट कर प्रभारी पार्टी हाईकमान के सामने प्रदेश के नेताओं से मिले सुझाव रखेंगी। माना जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर प्रदेश कांग्रेस को नई टीम मिल जाएगी। हाईकमान चाहती है कि 2027 के चुनाव के लिए छोटी टीम बनाकर पार्टी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जाए। लेकिन प्रदेश नेताओं ने कार्यकारिणी अपनी-अपनी ओर नामों की लंबी सूची दी है। ऐसे में सीमित पदों में बड़े नेताओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और अलग-अलग गुटों को कार्यकारिणी में स्थान देना आसान नहीं होगा। कार्यकारिणी घोषित करने से पहले प्रदेश प्रभारी ने जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षगणों के वरिष्ठ नेताओं के साथ रायशुमारी की है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन की मजबूती एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावी मुद्दे व बूथ प्रबंधन की रणनीति बनाई। प्रभारी ने पार्टी नेताओं को प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण ;एसआईआरद्ध को गंभीरता से लेकर प्रत्येक बूथ मतदाता सूची से नाम हटाने पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।पार्टी नेताओं के साथ बैठक में प्रदेश प्रभारी ने निर्देश दिए कि एकजुटता के साथ बूथ को मजबूत करना होगा। डबल इंजन की गलत नीतियों को लेकर नेताओं व कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लेकर जाना है। प्रदेश में एसआईआर का काम चल रहा है। इसे पार्टी नेताओं को गंभीरता से लेना है। बूथ स्तर पर पार्टी की ओर से नियुक्त बीएलए-दो को निर्वाचन आयोग का सहयोग कर यह सुनिश्चित करना है कि पात्र मतदाता का नाम न काटा जाए। 2027 में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए सभी नेताओं को सक्रिय होकर काम करना होगा। उन्होंने बैठक में चुनावी रणनीति पर पार्टी नेताओं से सुझाव भी लिए हैं। बैठक में सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदीप टम्टा, काजी निजामुद्दीन सहित अन्य विधायक मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बैठक में उपस्थित नहीं रहे। रावत स्थास्थ्य कारणों से दिल्ली गए हैं।
