Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रुद्रपुर शहर में गाबा चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 13.73 करोड़ की स्वीकृति

करीब 105 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों और प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए करीब 105 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, शहरी विकास, न्यायालय भवन, एलईडी स्ट्रीट लाइट, आपदा प्रभावित मार्गों के पुनर्निर्माण तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत भिकियासैंण स्थित हरूहीत मंदिर कढ़ोली के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णाेद्धार के लिए 93.36 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 56 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया है। इसके अलावा विकासखंड द्वारीखाल के कठुड़ बड़ा, देवीखाल स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 43.60 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। श्रम न्यायालयों में ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजनों और महिलाओं के लिए पृथक शौचालय तथा अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार के लिए कुल 1.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं पर्यटन विभाग के माध्यम से अल्मोड़ा जिले की रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 1.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नगर निगम कोटद्वार में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 4.96 करोड़ रुपये तथा रामनगर दीवानी न्यायालय में न्यायिक कर्मचारियों के लिए टाइप तीन आवासीय भवन के निर्माण हेतु 18.59 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत मायापुर में फायर स्टेशन के लिए 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण हेतु भारत सरकार से प्राप्त 4.17 करोड़ रुपये की स्वीकृति का भी अनुमोदन किया गया है। शहरी विकास विभाग के अंतर्गत रिंग फेंस्ड अकाउंट से हल्द्वानी काठगोदाम, रुद्रपुर, हरिद्वार और रुड़की में पशु शवदाह गृहों के निर्माण, शिवालिक नगर, चंबा, कर्णप्रयाग, बागेश्वर, सुल्तानपुर आदमपुर और द्वाराहाट में लीगेसी वेस्ट के निस्तारण तथा नैनीताल, पुरोला, महुआखेड़ागंज, गूलरभोज और बनबसा में कूड़ा वाहनों एवं उपकरणों की खरीद के लिए कुल 48.58 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले के रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मुख्य एवं आंतरिक मार्गों तथा नालियों के पुनर्निर्माण के लिए 7.76 करोड़ रुपये, ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में गाबा चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 13.73 करोड़ रुपये तथा रुद्रप्रयाग जिले के जखोली विकासखंड में छेनागाड़ बक्सीर मोटर मार्ग के शेष हिस्से के डामरीकरण के लिए 4.02 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। राज्य योजना के अंतर्गत हल्द्वानी विकासखंड में विजयपुर पहाड़पानी पैदल मार्ग के सुधारीकरण के लिए 3.87 करोड़ रुपये, चंपावत जिले में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 9.87 करोड़ रुपये तथा रामनगर विधानसभा क्षेत्र में रामनगर कालाढूंगी हल्द्वानी काठगोदाम चोरगलिया सितारगंज बिजटी राज्य मार्ग से हनुमानधाम मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 4.06 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *