August 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नाले में फंसने से छह वर्षीय मासूम की मौत

देहरादून (उद संवाददाता)। देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित खादर बस्ती में शनिवार शाम बारिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खेल रहा बच्चा बारिश के तेज बहाव के बीच नाली के पास पहुंच गया और दस इंच के पाइप में फंस गया। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार शाम बारिश के दौरान बच्चा मस्जिद के पास सड़क किनारे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव के बीच नाली के समीप पहुंच गया और पाइप में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद जेसीबी की मदद से पाइप को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में बच्चे को तत्काल उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने हाल ही में हुए सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सड़क का ढाल अधिक होने तथा नालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश का पानी तेज गति से बहता है, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। वहीं बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाईं ने बताया कि बारिश के दौरान बच्चे खेल रहे थे। प्रथम दृष्टया यह हादसा बच्चों की नादानी के कारण हुआ प्रतीत होता है। बच्चा पानी के बहाव में दूर से नहीं आया था, बल्कि खेलते समय दुर्घटना का शिकार हुआ। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *