रिसॉर्ट में रेव पार्टी का भंडाफोड़, महिलाओं सहित 62 हिरासत में
रामनगर। रामनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ढेला स्थित एक रिसॉर्ट में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया। रिसोर्ट में सैक्स रैकेट संचालित होने की जानकारी भी सामने आयी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली पुलिस, एसओजी तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम ने रिसॉर्ट पर छापा मारकर बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस ने मौके से 52 पुरुषों और 10 महिलाओं को हिरासत में लिया है। महिलाएं और युवतियां, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और नेपाल की बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट से भारी मात्र में आपत्तिजनक सामग्री तथा हरियाणा ब्रांड की शराब भी बरामद होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी बरामद सामग्री का परीक्षण कर रही है। सूत्रें के अनुसार हिरासत में ली गई महिलाओं में कुछ के नाबालिग होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। संबंधित दस्तावेजों और पहचान पत्रें के आधार पर सभी की आयु एवं पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई काफी समय से मिल रही सूचनाओं के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से की गई। छापेमारी के दौरान पूरे रिसॉर्ट परिसर को पुलिस ने घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया और वहां मौजूद सभी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आयोजन किसके द्वारा किया गया था, इसमें कौन लोग शामिल थे और क्या इसमें किसी प्रकार की अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मामले का विस्तृत एवं आधिकारिक खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी द्वारा रविवार शाम रामनगर कोतवाली में प्रस्तावित प्रेस वार्ता के दौरान किए जाने की संभावना है।
