Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में 13वां आरोपी गिरफ्तार

काशीपुर(उद संवाददाता)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 13वें अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने काशीपुर में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को अवैध हथियार, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस के साथ दबोचा है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पलविन्दर सिंह पुत्र स्वर्गीय धर्म सिंह, निवासी ग्राम कचनालगाजी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि एक ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस नंबर पर दो कूटरचित लाइसेंस तैयार किए गए थे, जिनके आधार पर दो हथियार खरीदे गए। एसटीएफ ने इसे संगठित अपराध बताया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक -30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस (-30 बोर), एक -315 बोर राइफल तथा चार जिंदा कारतूस (-315 बोर) बरामद किए गए हैं। एसटीएफ का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक ऑपरेशन प्रहार के तहत 13 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस दौरान 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *