Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मंडी में छापेमारी कर फल और सब्जियों के नमूने लिए

बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले तीन विक्रेताओं को विभाग ने थमाया नोटिस
रूद्रपुर। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन सचिन कुर्वे के निर्देशों पर कुमांऊ मंडल के उपायुक्त डॉ- राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में बगवाड़ा थोक मंडी में विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य फलों और सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों के प्रयोग तथा कृत्रिम रूप से पकाने वाले रसायनों की जांच व रोकथाम करना था।जांच अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या ने मंडी स्थित आढ़तियों से आम, पपीते और बैंगन के कुल तीन सर्विलांस नमूने लिए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधितों के विरुद्ध अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एफएसएसएआई लाइसेंस और पंजीकरण के बिना व्यापार कर रहे तीन फल व सब्जी विक्रेताओं को नोटिस भी जारी किए गए।अधिकारियों ने समस्त आढ़तियों और कारोबारियों को सख्त हिदायत दी कि वे फलों को पकाने के लिए किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का प्रयोग न करें। उन्हें केवल अनुमोदित एथिलीन राइपनर का ही इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों के उपयोग को लेकर भी चेतावनी दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित में इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।इस अभियान दल में उपायुक्त डॉ- राजेन्द्र सिंह कठायत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या और पंकज कुमार शामिल रहे। विभाग ने संकेत दिए हैं कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *