Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पंतनगर से दिल्ली हुए रवाना राहुल गांधी : वीडियो संदेश जारी कर कहा, मैं आपसे वादा करता हूं कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा

पंतनगर में राहुल गांधी का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई नेताओं ने स्वागत किया
उत्तराखंड/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में खराब मौसम के चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी का दौरा रद्द हो गया है। अल्मोड़ा की जनसभा में जा रहे राहुल गांधी का हॉलीकॉप्टर मौसम खराबी के कारण पंतनगर एयरपोर्ट वापिस लौट गया। इस दौरान पंतनगर में राहुल गांधी का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,स्थानीय विधायक तिलकराज बेहड़ सहित कई नेताओं ने स्वागत किया। वहीं अल्मोड़ा में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत सहित वरिष्ठ कई वरिष्ठ नेताओं ने क्षेत्रवासियों और कार्यकताओं से राहुल का दौरा स्थगित होने पर खेद जताया। जिसके लिए उन्होंने फ़ोन पर जनता से माफी भी मांगी है। राहुल गांधी ने कहा कि आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका। राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर कहा ‘आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था, आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से, मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया’। राहुल गांधी ने कहा आज सुबह मैं पंतनगर पहुंच गया था। वहां से हमें हेलिकॉप्टर से अल्मोड़ा में जनसभा के लिए जाना था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से साफ़ इनकार कर दिया। राहुल गांधी ने कहा ‘मुझे आपसे बहुत सी बातें करनी थीं। उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर, और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है। पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी एक महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था’। प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कई बार परिस्थितियां हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता। उन्होंने कहा मैं आपसे वादा करता हूं कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा। तब हम जल्दबाज़ी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे।
राहुल गांधी को कार्यक्रम में शामिल न हो पाने का गहरा अफसोस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण स्थगित हो गया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी इस रैली में शामिल होकर लोगों से मिलना चाहते थे और इस क्षेत्र से उनका विशेष लगाव है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा।कुमारी सैलजा ने बताया कि राहुल गांधी को कार्यक्रम में शामिल न हो पाने का गहरा अफसोस है। उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से उत्तराखंड के लोगों के लिए संदेश भी भेजा और आश्वासन दिया कि वह जल्द ही प्रदेश में आकर लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान कुमारी सैलजा ने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के लोग आज जिन समस्याओं और कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां जिम्मेदार हैं। उनका कहना था कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल रहा है, बल्कि उन्हें कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की धामी सरकार की कथित गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रही है। कांग्रेस प्रदेश की जनता के मुद्दों को उठाने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *