Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जनप्रतिनिधियों- अधिकारियों ने युवाओं के साथ किया योगाभ्यास

रुद्रपुर । जनपद में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम मनोज सरकार स्टेडियम वेलोड्रोम में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा, दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, सांसद प्रतिनिधि योगेश वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल तथा उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। सभी अतिथियों ने उपस्थित लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। विधायक शिव अरोरा और दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि योग का अर्थ जोड़ना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग की जननी है तथा योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आ“वान किया। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि योग दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि योग शरीर को लचीला और मजबूत बनाने के साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखता है। कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के तहत ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन, जानु चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन और शवासन सहित विभिन्न योगासन कराए। इसके अलावा कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली और भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार, नोडल अधिकारी डॉ. बीरेन्द्र सिंह रौतेला, डॉ. महेश जोशी, डॉ. भावना जोशी, डॉ. सुरेन्द्र कुमार पपनेजा, डॉ. धर्मेन्द्र सोनी, डॉ. मंजू मिश्रा, डॉ. मीना अधिकारी, डॉ. ऋषि गुप्ता, राहुल पुरोहित, दीपक पंवार, अशरूफ अहमद, संजय कुमार, रमेश जोशी, दिनेश कुमार, योग अनुदेशक राम किशोर, रंजीत कुमार, पुष्पा रूबाली, सुरेश चन्द्र कुडाई, सूरज प्रताप, अनिल चौधरी, लक्ष्मी देवी, तरुण सिंह बगड़वाल, विजय शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *