स्पा सेंटर में देह व्यापार का भंडाफोड़,चार गिरफ्तार : छह महिलाओं को रेस्क्यू किया,मुख्य संचालक फरार
आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की मैनेजर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने छह महिलाओं को रेस्क्यू करने के साथ ही आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और ग्राहकों के अभिलेख बरामद किए हैं। फरार संचालक की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। पुलिस के अनुसार तिकोनिया स्थित स्पा सेंटर में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। टीम के स्पा सेंटर में पहुंचते ही अलग अलग कमरों की तलाशी ली गई, जहां युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद महिलाओं से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी और अधिक कमाई का लालच देकर स्पा सेंटर में बुलाया गया तथा बाद में उन पर देह व्यापार करने का दबाव बनाया गया। महिलाओं ने स्पा संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर जबरन इस कार्य में धकेलने के आरोप लगाए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर की मैनेजर सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मुख्य संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर से बड़ी मात्र में आपत्तिजनक सामग्री, नकद धनराशि तथा ग्राहकों की एंट्री से संबंधित रजिस्टर और अन्य दस्तावेज बरामद किए। सभी बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने स्पा सेंटर में मौजूद छह महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। रेस्क्यू की गई महिलाओं में दिल्ली, नेपाल, उत्तर प्रदेश तथा अन्य स्थानों की रहने वाली महिलाएं शामिल हैं। उनकी काउंसलिंग कराई जा रही है और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्रधिकारी सिटी अमित कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
