August 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नशा मुक्ति केंद्र में मरीज की गला रेतकर हत्या

शौचालय में मिला शव,केंद्र में तीन माह से भर्ती था युवक
रुड़की (उद संवाददाता)। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ उपचार के लिए भर्ती एक 37 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मृतक का शव केंद्र के शौचालय में लहूलुहान हालत में मिला, जिसके गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए हैं। इस घटना से केंद्र और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी आशीष (37 वर्ष) को करीब तीन माह पहले परिजनों ने भंगेड़ी स्थित इस नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। मंगलवार रात जब केंद्र के शौचालय में आशीष का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा गया, तो केंद्र संचालक ने आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के गले पर किसी धारदार वस्तु से प्रहार के निशान मिले हैं, जो प्रथम दृष्टया हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुँच गए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आशीष की हत्या की गई है। केंद्र में भर्ती अन्य मरीजों और वहां के माहौल को लेकर भी परिजनों ने नाराजगी जाहिर की है। मौके पर मौजूद लोगों ने केंद्र में ही भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का शक जताया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस नशा मुक्ति केंद्र के संचालक, कर्मचारियों और वहां उपचाराधीन अन्य मरीजों से विस्तार से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय कौन-कौन लोग शौचालय के आसपास मौजूद थे और हत्या के लिए किस हथियार का इस्तेमाल किया गया। आशीष की मौत की खबर मिलते ही बसेड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से सुराग जुटाने में लगी है। स्थानीय लोगों ने नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और वहां के संचालन पर भी सवाल उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *