August 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार खाई में गिरने से एक की मौत,तीन घायल

चंपावत (उद संवाददाता)। जिले के बनलेख क्षेत्र में मंगलवार शाम खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम कार में चार लोग सवार होकर खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रहे थे। बनलेख क्षेत्र में कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चंपावत कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों ने खड़ी पहाड़ी से नीचे उतरकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया। घटना के बाद चंपावत पुलिस ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि पहाड़ी मार्गों पर मोड़ों और ढलानों पर वाहन की गति नियंत्रित रखें तथा खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें। यातायात नियमों का पालन करने और आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की गई है। इधर, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम चंपावत को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों, परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच कर 15 दिनों के भीतर जांच आख्या जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की तथ्यपरक जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *