गैस कनेक्शन की केवाईसी के नाम पर साइबर ठगी का नया खेल
रुद्रपुर। साईबर ठगों ने लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए एक बार फिर दस्तक दे दी है। शहर में गैस कनेक्शन धारकों को निशाना बनाकर साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। इंडियन ऑयल- अडानी गैस के नाम पर लोगों के मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिनमें गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर केवाईसी अपडेट कराने के लिए एपीके फाइल भेजी जा रही है। साइबर विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी फाइलों पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक होने और बैंक खातों से रकम उड़ने का खतरा बना रहता है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे एक स्क्रीनशॉट में साफ देखा जा सकता है कि उपभोक्ता को ¶Gas Bill Update. apk¸ नाम की फाइल भेजी गई। साथ ही मैसेज में दावा किया गया कि यदि बिल अपडेट नहीं किया गया तो रात 10ः30 बजे गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद एक मोबाइल नंबर जारी कर तत्काल संपर्क करने के लिए कहा गया। रुद्रपुर निवासी एक जागरूक उपभोक्ता ने सतर्कता दिखाते हुए एपीकेफाइल पर क्लिक नहीं किया। उपभोक्ता ने बताया कि कुछ देर बाद उसके पास केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर फोन भी आया। कॉल करने वाले ने उसे फाइल खोलकर केवाईसी पूरी करने को कहा, लेकिन उपभोक्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी प्रकार की केवाईसी करनी है तो संबंधित कर्मचारी उसके घर आकर प्रक्रिया पूरी करे। जब कॉलर ने घर का पता पूछा तो उपभोक्ता ने जवाब दिया कि उसका पता पहले से गैस कनेक्शन के रिकॉर्ड में दर्ज है। इसके बाद भी कॉलर लगातार उसे ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए दबाव बनाता रहा, लेकिन उपभोक्ता ने किसी प्रकार की जानकारी साझा नहीं की। उपभोक्ता ने बताया कि इस तरह के मैसेज लगातार कई लोगों के पास पहुंच रहे हैं और एपीके फाइल डाउनलोड करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। साइबर अपराधी इस तरीके से मोबाइल का एक्सेस लेकर बैंकिंग जानकारी ओटीपी और निजी डेटा चोरी कर सकते हैं। साइबर जानकारों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आई एपीके फाइल डाउनलोड न करें और न ही किसी लिंक पर क्लिक करें। किसी भी प्रकार की केवाईसी या बिल अपडेट संबंधी जानकारी के लिए केवल कंपनी के आधिकारिक कार्यालय या अधिकृत हेल्पलाइन से ही संपर्क करें।
