डीएम पैदल पहुंचे कार्यालय,छोटे कारोबारियों से किया संवाद
चम्पावत । वैश्विक परिस्थितियों के चलते लगातार बढ़ती ईंधन लागत, संसाधनों पर बढ़ते आर्थिक दबाव तथा ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए जनपद चम्पावत में व्यापक जन-जागरूकता एवं संसाधन संरक्षण अभियान की शुरुआत की गई है। शासन के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक शनिवार को विशेष ‘नो व्हीकल डे’ अभियान संचालित किया जाएगा। जनपद में संचालित विशेष ‘नो व्हीकल डे’ अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार पैदल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। डीएम ने इस पहल को केवल पैदल सफर तक सीमित न रखते हुए जनसंवाद का माध्यम बनाया। पैदल यात्रा के दौरान जिलाधिकारी ने विकास भवन कार्यालय के सामने संचालित भोजनालयों, छोटी दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों से बातचीत की। उन्होंने व्यापारियों से उनके रोजगार, व्यवसाय संचालन और दैनिक चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार से जुड़े लोग स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उनके प्रयासों से न केवल अनेक परिवारों की आजीविका चलती है, बल्कि स्थानीय बाजार व्यवस्था भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि छोटे उद्यमियों और मेहनतकश लोगों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाए, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन सकें। इस दौरान जिलाधिकारी विकास भवन परिसर के सामने स्थित दीपक सिंह के भोजनालय में भी पहुंचे। उन्होंने भोजनालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए दीपक सिंह से उनके व्यवसाय, प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, मसालों और खाद्य सामग्री की व्यवस्था समेत रोजगार से जुड़ी विभिन्न जानकारियां लीं। जिलाधिकारी ने भोजनालय संचालक की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार अपनाने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। इस दौरान दीपक सिंह ने जिलाधिकारी को स्थानीय स्वाद से भरपूर चने भी खिलाए। डीएम ने चनों के स्वाद और गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थानीय खानपान और पारंपरिक स्वाद जनपद की पहचान हैं, जिन्हें बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने भोजनालय और व्यवसाय के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी विपिन पंत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
