प्रदेश भर में हुई मॉक ड्रिल: मानसून से पहले अलर्ट मोड में सरकार, सीएम ने परखी तैयारियां
सीएम ने निरीक्षण कर दिए 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश, राहत एवं बचाव कार्यों में देरी नहीं होने की हिदायत
देहरादून (उद संवाददाता)। आपदा की तैयारियों को परखने के लिए आज प्रदेश भर में मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान बाढ़ में राहत कार्यों की तैयारियों को परखा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का निरीक्षण कर प्रदेश की आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों और अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र पहुंचकर कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे प्रदेश में मौसम की स्थिति, वर्षा, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कंट्रोल रूम से मानसून से जुड़ी गतिविधियों और संवेदनशील क्षेत्रें पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा आने का इंतजार करने के बजाय पूर्व तैयारी पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में उत्तराखंड ने अनेक प्राकृतिक आपदाओं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना किया है। पूर्व तैयारी, त्वरित निर्णय और प्रभावी समन्वय के कारण जनधन की हानि को काफी हद तक कम करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आपदा के बाद राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि पूर्व तैयारी और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से नुकसान को न्यूनतम रखना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रें में मशीनरी, राहत सामग्री, बचाव दल और आवश्यक संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशासन का प्रत्येक पल महत्वपूर्ण होता है। इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को लगातार अधिक आधुनिक, सशक्त एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने वाली प्रणाली के रूप में विकसित किया जा रहा है।
