विकास कार्यों को लेकर सीएम धामी से मिले विधायक सुरेश गड़िया व पार्वती दास, सौंपा ज्ञापन
देहरादून। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश गड़िया एवं बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विधायक पार्वती दास ने गुरूवार को देहरादून स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर बागेश्वर सहित कपकोट विधानसभा के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर ज्ञापन सौंपा।भेंट के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को कपकोट विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इस दौरान धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।विधायकों ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के विकास कार्यों में आवश्यक सहयोग एवं शीघ्र स्वीकृतियां प्रदान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, मथुरा प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
