मेडिकल स्टोर बंद आव्हान का मिलाजुला असर : सरकार से सख्त नियम बनाने की मांग
ऑल इंडिया केमिस्ट एसोसिएशन के आहवान पर रखा गया बंद
रूद्रपुर/हल्द्वानी/किच्छा/शक्तिफार्म (उद संवाददाता)। ऑल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर जिले में मिला जुला असर दिखा। जिला मुख्यालय में जहां नगर के कई मेडिकल स्टोर व विभिन्न निजी चिकित्सालयों में मेडिकल स्टोर खुले दिखाई दिये तो वहीं दूसरी ओर बंद का पूर्ण समर्थन करते हुए तमाम मेडिकल स्टोर स्वामियों ने अपने प्रतिष्ठाानों को पूरी तरह से बंद रखा। गौरतलब हो कि ऑल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा ऑन लाईन दवा की बिक्री बंद करने, कारपोरेट कम्पनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट को बंद करने तथा नकली दवाओं के खिलाफ चलाये जा रहे आन्दोलन के तहत आज देशव्यापी मेडिकल स्टोर बंद का आव्हान किया गया है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के आयुष विभाग द्वारा प्रदेश के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस के माध्यम से चेतावनी दी गई थी कि आवश्यक सेवाओं के तहत जनहित में मेडिकल स्टोर खुले रखे जायें ऐसा न करने पर कार्रवाई की जा सकती है। जिसे देखते हुए देशव्यापी मेंडिकल स्टोर बंद का मिलाजुला असर दिखाई दिया।
हल्द्वानी- अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मंगलवार को केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन हल्द्वानी रजि के आहवान पर शहर में सांकेतिक बंद रखा गया। इस दौरान कई दवा व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर आंदोलन का समर्थन किया, जबकि कई रिटेलर्स ने बंद को समर्थन नहीं देते हुए अपनी दुकानों को खुला रखा। एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे गए ज्ञापन में ऑनलाइन माध्यम से बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श और बिना सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की बिक्री पर चिंता जताई गई। संगठन का कहना है कि इससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है और छोटे दवा व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, बिना वैध ई-प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की होम डिलीवरी बंद कराने तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की डीप डिस्काउंटिंग नीति पर नियंत्रण लगाने की मांग की गई है। वहीं शहर में बंद का असर मिला-जुला देखने को मिला। कई मेडिकल स्टोर सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। कुछ रिटेल दवा व्यापारियों का कहना था कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए उन्होंने दुकानें खुली रखीं, जबकि कुछ व्यापारियों ने इसे व्यक्तिगत निर्णय बताया।

किच्छा। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर ऑल इंडिया केमिस्ट एसोसिएशन के आ“वान पर किच्छा में मेडिकल स्टोर संचालकों ने एक दिवसीय बंद रखा। बंद के समर्थन में नगर के अधिकांश मेडिकल स्टोर दोपहर तक बंद रहे। इस दौरान दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए सरकार से इस पर सख्त नियम लागू करने की मांग की। ऑल इंडिया केमिस्ट संगठन किच्छा इकाई के अध्यक्ष प्रमोद ठुकराल ने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिना उचित निगरानी के दवाओं की ऑनलाइन सप्लाई होने से मरीजों के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। दवा जैसी संवेदनशील वस्तु की बिक्री केवल अधिकृत मेडिकल स्टोरों के माध्यम से ही की जानी चाहिए। संगठन के महामंत्री मनमोहन सक्सेना ने कहा कि ऑनलाइन मिलने वाली दवाओं की गुणवत्ता पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता। कई मामलों में नकली एवं एक्सपायर दवाओं की सप्लाई की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह और बिना सही जांच के ऑनलाइन दवाओं की उपलब्धता लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसके साथ ही ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार भी प्रभावित हो रहा है। दवा व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण लगाया जाए तथा मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। बंद के दौरान व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष विजय अरोड़ा एवं महामंत्री नितिन फुटेला सहित कई व्यापारी नेताओं ने भी अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाना बेहद जरूरी है। हालांकि आम जनता को दवाओं की उपलब्धता में परेशानी न हो, इसके लिए नगर में चार मेडिकल स्टोर आपातकालीन सेवाओं हेतु खुले रखे गए थे ताकि जरूरत वाले मरीजों को दवाएं मिलती रहें। दोपहर बाद धीरे-धीरे मेडिकल स्टोर पुनः खुलने लगे। दवा व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
शक्तिफार्म। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आ“वान पर शक्तिफार्म क्षेत्र के मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहे। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन शक्तिफार्म द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह बंद आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के सभी दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर सहभागिता की और दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाई। हड़ताल के दौरान मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। एसोसिएशन की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन को पहले ही ििलखत रूप में सूचित कर दिया गया था कि बंद के दौरान किसी भी मरीज को दवा के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसी व्यवस्था के तहत क्षेत्र के चार मेडिकल स्टोरों को विशेष रूप से अधिकृत किया गया है, जहां जीवन रक्षक एवं अति आवश्यक दवाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं। बंद के दौरान शक्तिफार्म मेडिकल स्टोर, न्यू मंडल मेडिकल स्टोर, मंडल मेडिकल स्टोर तथा सिंह मेडिकल स्टोर पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में मरीजों को तत्काल राहत मिल सके। एसोसिएशन के अध्यक्ष कृपासिंधु हीरा, महामंत्री पंकज मंडल, उपाध्यक्ष संजय सिंह एवं संरक्षक नरेश अरोरा ने बताया कि यह बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जा रहा है और इसमें आमजन की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी रूप में बाधित नहीं होंगी तथा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाएं मिलती रहेंगी।
