Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एसी ब्लास्ट से हॉस्पिटल में भीषण आग, बुजुर्ग महिला की मौत: तीन पुलिसकर्मी सहित कई कर्मचारी झुलसे

गंभीर मरीज दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट
देहरादून (उद संवाददाता)। देहरादून-हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद हुए ब्लास्ट को आग का कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे में आईसीयू में भर्ती एक 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला मरीज बीरावती की मौत हो गई। वहीं धुएं और आग की चपेट में आने से तीन पुलिसकर्मियों सहित अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के अनुसार बुधवार को अस्पताल परिसर में अचानक धुआं उठने लगा, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने से मरीजों और तीमारदारों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग के बाद कुछ ही देर में पूरे परिसर में जहरीला धुआं भर गया था, जिससे भर्ती मरीजों को सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी। घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ, स्थानीय लोगों और बाद में पहुंची राहत टीमों ने तत्परता दिखाते हुए आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और मरीजों को वार्डों से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे के बाद पैनेसिया अस्पताल परिसर को खाली करा लिया गया है और एंबुलेंस के जरिए मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। कैलाश अस्पताल में लाए गए छह मरीजों में से दो की हालत अभी नाजुक बनी हुई है, जिनका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एस एसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। सभी मरीजों और घायल कर्मचारियों को अन्य अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है। फायर विभाग द्वारा आग लगने के वास्तविक और सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *